आगरा- सूबे में भाजपा को प्रचंड जीत मिली तो आगरा जिले की सभी नौ सीटों पर भाजपा के विधायक जीते। भाजपा ने यहां क्लीन स्वीप किया तो उम्मीद जागी कि योगी की किचेन कैबिनेट में आगरा को भी वरीयता दी जायेगी। इनमें पांच बार के विधायक जगन प्रसाद गर्ग, रानी पक्षालिका सिंह, योगेंद्र उपाध्याय के नाम तेजी से मंत्री पद के लिए चर्चा में थे। लेकिन जैसे ही रविवार को लखनऊ में योगी ने अपने मंत्रिमंडल के साथ शपथ ली। आगरा को इससे मायूसी हाथ लगी क्योकि आगरा में क्लीन स्वीप करने वाले नौ विधायकों में से किसी को भी मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। जबकि आगरा मंडल से तीन कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं। इसमें टूंडला से भाजपा विधायक एसपी सिंह बघेल, मथुरा के विधायक श्रीकांत शर्मा और छाता, मथुरा से चौधरी लक्ष्मी नारायण हैं। बाह से भाजपा विधायक रानी पक्षालिका सिंह सहित आगरा के नौ विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिली है। इससे आगरा के भाजपाइयों में मायूसी की लहर है। आगरा हमेशा से ही भाजपा का गढ़ कहलाता है। यहां पर विश्व हिंदू परिषद का क्षेत्रीय कार्यालय है तो भाजपा का ब्रज क्षेत्र कार्यालय और संघ का माधव भवन जो कई जिलों पर नियंत्रण करता है, यहीं हैं। यहां भाजपा के साथ संघ के बडे नेता भी हैं। आगरा ही ने भाजपा को बुरे से बुरे दौर में भी निराश नहीं किया और यहां की उत्तर सीट पर हमेशा भाजपा का ही कब्जा रहा। आगरा ने दो सांसद भी दिये। बावजूद इसके ये उपेक्षा सभी को कसक रही है लेकिन उम्मीद ये है कि मंत्रिमंडल विस्तार में शायद आगरा की निराशा को दूर किया जा सकता है।
Facebook
Twitter
Google+
RSS