लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी तो प्रदेश को बचाने के लिए लड़ रही है लेकिन सपा-कांग्रेस गठबंधन ही इसीलिए किया गया है ताकि अखिलेश यादव और राहुल गांधी अपना-अपना वजूद बचा सकें लेकिन सूबे की जनता इनके मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी और यूपी में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाकर रहेगी।
गठबंधन की सरकार बनी तो फिर होगा भ्रष्टाचार और गुंडाराज
ईरानी यहां प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता में कहा कि यह गठबंधन राजनीतिक स्वार्थ के लिए किया गया है। गठबंधन करके दोनों पार्टियां अपना वजूद बचाने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रदेश की जनता से यूपी बेहाल की बातें कर रहे थे अब वही लोग अखिलेश के साथ गले मिल रहे हैं। यूपी सरकार पूरी तरह विफल रही है और इन दोनों के हाथों में अब यूपी का भविष्य सुरक्षित नहीं रह गया है। समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन की सरकार लौटी तो फिर गुण्डाराज, भ्रष्टाचार व माफिया राज से प्रदेश को बचाना मुश्किल हो जाएगा। भाजपा ने इसके खिलाफ जनता के बीच लड़ाई लड़ी है और कार्यकर्ताओं की ताकत से वह दोनों दलों को सत्ता से बाहर करके पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
तीन तलाक मुद्दे पर अपना नजरिया साफ करें सपा, बसपा और कांग्रेस
इस मौके पर उन्होंने भाजपा के महिलाओं को लेकर संकल्प पत्र में किये गये वादों को भी दोहराया और कहा कि कांग्रेस, सपा और बसपा को मुस्लिम महिलाओं के तीन तलाक के मुद्दे पर बहस करनी चाहिए, भाजपा ने अपना नजरिया साफ कर दिया है, तो क्या अब ये दल अपना रुख साफ करें कि वे इस मामले में क्या सोचते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए उनके हक के लिए भाजपा ने संकल्प पत्र में जो प्रतिबद्धता दिखायी है, सरकार में आने पर उसे हर हाल में पूरा करेगी।
इसे भी पढ़िए: मोदी ने अखिलेश पर साधा निशाना तो शिवपाल ने नोटबंदी पर केंद्र को घेरा
अखिलेश के पुलिस बल में एक लाख लोगों के भर्ती करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पांच वर्ष के अपने कार्यकाल में उन्होंने युवाओं को कितनी और कैसे नौकरी दी है, यह युवा जान चुका है। अमेठी में चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि यह पूरे यूपी का चुनाव है, अब तो साफ हो गया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कैसे जीत मिली है तभी तो गायत्री प्रजापति राहुल से प्रचार की उम्मीद लगाये हैं।
Facebook
Twitter
Google+
RSS