पटना: बिहार में महिलाओं के साथ छेड़छाड़ व बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर और गोपालगंज से है। मुजफ्फरपुर में जहां एक मासूम वहशी दरिंदों की हवस का शिकार बनी, वहीं गोपालगंज में खेत घूमने गई एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
मुजफ्फरपुर में दुधमुही बच्ची से हैवानियत
यहां अज्ञात लोगों ने घर में अकेला पाकर दुधमुंही नौ माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गंभीर हालत में बच्ची को उसके परिजन सदर अस्पताल ले गए। बताया जाता है कि दुधमुंही बच्ची को उसकी आठ वर्षीय बहन के भरोसे छोड़ कर उसकी मां गांव में आलू खोदने गई थी। जब शाम को वह घर वापस आई तो मासूम बच्ची को आंगन में खून से लथपथ पाया।
यह देख उसने शोर मचाया। पड़ोसियों ने वहां पहुंच पहले बच्ची को सदर अस्पताल भेजवाया। सदर अस्पताल में गंभीर हालत देख डॉक्टरों ने बच्ची को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। बच्ची की हालत काफी नाजुक बताई जाती है।
गोपालगंज में महिला से सामूहिक दुष्कर्म
कुचायकोट थाना क्षेत्र के बरवां गांव में खेत घूमने गयी एक महिला के साथ गैंगरेप किया गया। 35 वर्षीय एक महिला शाम गेहूं का खेत देखने गयी थी। उसी दौरान गांव के अमरजीत प्रसाद और धनंजय प्रसाद ने उसे पकड़ कर सरसों के खेत में ले जाकर बारी-बारी से रेप किया। पीड़िता के शोर मचाने के बाद दोनों युवक उसे खेत में छोड़कर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस पीडिता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
महिला से दुष्कर्म का प्रयास, विरोध पर पीटा
दूसरी घटना इसी थाना क्षेत्र के अन्तर्गत शितलबरदहा गांव मे घर मे घुसकर महिला से दुष्कर्म का प्रयास किया गया। महिला के द्वारा विरोध किए जाने पर मारपीट कर घायल कर दिया गया। आसपास के लोगो की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल मे भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि शितलबरदहा गांव की एक महिला अपने घर मे खाना बना रही थी इसी दौरान कुछ लोग घर मे घुसकर दुष्कर्म का प्रयास करने लगे। महिला के द्वारा विरोध किए जाने पर महिला को लाठी डंडे से मारपीट कर फरार हो गए।
Facebook
Twitter
Google+
RSS