लखनऊ: 2017 के विधानसभा चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के बाद समाजवादी पार्टी ने भी मंगलवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों के नाम का एलान कर दिया है। इस लिस्ट में पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव, राज्यसभा सदस्य राम गोपाल यादव, कन्नौज से सांसद और मुख्यमंत्री की पत्नी डिंपल यादव को सदस्य बनाया गया है।
किसको-किसको बनाया स्टार प्रचारक
बदायूं से सांसद धर्मेद यादव, मैनपुरी से सांसद तेज प्रताप सिंह और फिरोजाबाद से लोकसभा सदस्य अक्षय यादव को स्थान दिया गया है। इसके अलावा अन्य लोगों में किरणमय नंदा, नरेश अग्रवाल, मोहम्मद आजम खान, सुरेंद्र नागर, संजय लाठर, उदयवीर सिंह, कमाल अख्तर और नीरज शेखर के नाम सूची में शामिल हैं।
अखिलेश के करीबी कई नेताओं को बनाया स्टार प्रचारक
वहीं विधानपरिषद सदस्यों में राम सकल गुर्जर, राकेश यादव, सरोजनी अग्रवाल, साहब सिंह सैनी, वीरेंद्र सिंह गुर्जर, डॉ असीम यादव, रामवृक्ष यादव को शामिल किया गया है। इनके अलावा पूर्व विधान परिषद सदस्य ख्वाजा हलीम, समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष बृजेश यादव, मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद एबाद और महाराष्ट्र में समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अबु आसिम आजमी को स्टार प्रचारकों में शामिल किया गया है।
शिवपाल को नहीं दी जगह
बड़ी बात यह है कि सपा द्वारा जारी की गई 40 स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव को शामिल नहीं किया गया है। पूर्व लोक निर्माण मंत्री ने राज्य में नंबर दो की हैसियत का खूब आनंद उठाया था। समाजवादी पार्टी में कड़वे सत्ता संघर्ष के बाद अब शिवपाल यादव पूरी तरह अपने भतीजे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की कृपा पर आश्रित हो गए हैं।
यह भी पढ़िए: भाजपा ने जारी 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट, जानिए कौन-कौन शामिल
शिवपाल को पहले ही राज्य इकाई के प्रमुख पद से हटा दिया गया है। यह पद अखिलेश के वफादार नरेश उत्तम को दे दिया गया है। शिवपाल को छोड़कर यादव परिवार के सभी राजनीति में सक्रिय सदस्यों को स्टार प्रचारकों की सूची में जगह दी गई है। पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के दबाव की वजह से शिवपाल को इटावा की परंपरागत सीट जसवंतनगर से टिकट दिया गया है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में 11 फरवरी से 8 मार्च के बीच सात चरणों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अखिलेश धड़े के बीच गठबंधन के बावजूद बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा।
Facebook
Twitter
Google+
RSS