लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निगोहां के बिरसिंहपुर गांव में पति ने पत्नी के सिर पर फावड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर किए, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। पत्नी को मृत समझकर पति मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची निगोहां पुलिस ने महिला को इलाज के लिए ट्रामा सेन्टर भेजा, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
क्या है मामला:
पुलिस का कहना है कि पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला भी दर्ज है। रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के दलखम्भन खेड़ा गांव में रहने वाले रामेश्वर ने बेटी कान्ती देवी (32) का विवाह करीब 8 साल पूर्व निगोहां के बिरसिंहपुर गांव के रहने वाले सत्यनारायण यादव के साथ किया था। शादी के कुछ साल बाद ससुराल पक्ष से दहेज की मांग होने लगी तो लड़की के पिता रामेश्वर ने बछरांवा थाने में दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
यूपी चुनाव: अखिलेश आज जारी करेंगे अपनी पार्टी का चुनावी घोषणापत्र
6 माह पूर्व कोर्ट के आदेश पर सत्यनारायण पत्नी कान्ती को बिरसिंहपुर ले आया था। लड़की के परिवारीजनों के मुताबिक आये दिन पति उनकी बेटी कान्ती को मारा-पीटा करता था। शुक्रवार शाम को ही किसी बात को लेकर पति-पत्नी में कहासुनी होने लगी। फिर किसी तरह मामला शांत कराया गया। शनिवार दोपहर फिर दोनों के बीच झगड़ा होने लगा और करीब 12 बजे पति सत्यनारायण यादव ने गुस्से में पत्नी कान्ती देवी के सिर पर फावड़े से वार कर दिया।
गुस्से में उसने कई वार किये, जिसमें वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गयी। पति उसे मरा समझकर मौके से भाग निकला। सूचना पाकर निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजा, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मायका पक्ष के लोग बिरसिंहपुर गांव पहुंचे। इंस्पेक्टर निगोहां ओमवीर सिंह ने बताया कि भाई की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित पति की तलाश की जा रही है।
Facebook
Twitter
Google+
RSS