पटना। बिहार में जारी पूर्ण शराबबंदी का समर्थन करते हुए आज मानव श्रृंखला बनाई गयी। नीतीश सरकार द्वारा की गई शराबबंदी के समर्थन में समूचा बिहार इस दौरान एकजुट दिखा। इस मानव श्रृंखला को बनाने में बिहार से करीब दो करोड़ लोगों ने एक साथ मिलकर हिस्सा लिया।
शराबबंदी के मुद्दे पर 11 हजार किमी लंबी मानव श्रृंखला
इस मानव श्रृंखला की शुरुआत ऐतिहासिक गांधी मैदान से अपराह्न् 12.15 बजे हुई, जहां राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव सहित कई नेता और मंत्री शामिल हुए। सीवान में भाजपा के नेता भी इस मानव श्रृंखला में शामिल हुए। राज्य के एक अधिकारी ने बताया कि 11,292 किलोमीटर से ज्यादा लंबी इस मानव श्रृंखला में दो करोड़ से ज्यादा लोगों ने भाग लिया, जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है।
यहीं मिला था ब्रह्मदेव के कटे सिर को मोक्ष, ब्रह्मदोष से मुक्त हुए थे भगवान भोलेनाथ
राज्य के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि बिहार सरकार ने मानव श्रृंखला को गिनिज बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए एक प्रस्ताव देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि मद्य निषेध अभियान की सफलता के लिए बनाई गई 11292 किलोमीटर से ज्यादा लंबी यह मानव श्रृंखला विश्व की सबसे लंबी मानव श्रृंखला थी, जिसे ‘गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड’ में जरूर दर्ज किया जाएगा।
क्या कहा नीतीश ने
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, ‘शराब पीने से सेहत खराब होती है, शराब के खिलाफ हम लोग आज एकजुट होकर खड़े होने आए हैं और इससे पूरे देश में एक अच्छा संदेश जाएगा।’ दावा है कि इस मानव श्रृंखला में दो करोड़ से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा और जिसे लिमका वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक में भी दर्ज कराया जाएगा।
सैटेलाइट से हो रही थी निगरानी
बिहार के लिए आज का दिन इसलिए भी खास है, क्योंकि मानव श्रृंखला करीब 11 हजार 292 किलोमीटर लंबी थी। जिसमे पूरा बिहार एक साथ नज़र आया। नासा और इसरो के सैटेलाइट के जरिए मानव श्रृंखला की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गयी, इस मानव श्रृंखला पर बिहार सरकार के खजाने से दस करोड़ रुपये खर्च हुए।
राजधानी पटना समेत राज्य के सभी जिलों में लगभग दो करोड़ लोगों ने इस कार्यक्रम में भाग लिया जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है। यहां बने ह्यूमन चेन के जरिए बिहार का मानचित्र बनाया गया और राज्य के अन्य मंत्री और विभाग के प्रधान सचिव ने अपने-अपने प्रभारवाले जिलों में इसका नेतृत्व किया।
मानव श्रृंखला में नज़र आया शराबी
गया में भी शराबबंदी को लेकर मानव श्रृंखला बनायी जा रही थी। इस दौरान शहर के सिविल लाईन थाना के गांधी मैदान के पास एक शराबी शराब के नशे में बीच सड़क पर लेटा नजर आया। कभी उठते तो कभी नशे में धुत हो कर गिरते शख्स को देख वहां तैनात पुलिस और सरकारीकर्मी भी दंग रह गये।
नशे में टुल्ल युवक की नौटंकी के बाद वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे उठा कर सड़क के किनारे किया और बाद मे उसे मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस अफसरों ने बताया कि होश में आने के बाद युवक से पूछताछ की जायेगी साथ ही उस पर कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी।
गिरिराज सिंह ने बताया मकड़जाल
सत्ताधारी दल के इन दोनों नेताओं के अलावा केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मानव श्रृंखला के विरोध में तीखा बयान देते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी के समर्थन में आयोजित मानव श्रृंखला राजनीतिक मकड़जाल है। मैं व्यक्तिगत रूप से इसमें शामिल नहीं रहूंगा।
Facebook
Twitter
Google+
RSS