ऋषिकेश। उत्तराखंड में 15 फरवरी को राज्य के चौथे विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। देश की दोनों राष्ट्रीय पार्टियां कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए तैयारी कर रही है। कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज उत्तराखंड के गुमानीवाला स्थित डीएसबी स्कूल पहुंच रहे हैं। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के इस सम्मेलन में करीब 20 हजार कार्यकर्ता शिरकत करने आ रहे हैं। राहुल गांधी की इस यात्रा को लेकर उत्तराखंड प्रशासन ने भी पूरी तैयारी कर ली है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राहुल के आगमन को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेता पिछले तीन दिन से ऋषिकेश में डेरा डाले हुए हैं। रविवार को राहुल गांधी की यात्रा को लेकर प्रशासन ने अंतिम रूप दिया। सुरक्षा की दृष्टि से गांधी परिवार की विशेष सुरक्षा में लगे एसपीजी ने डीएसबी स्कूल को अपने कब्जे में ले लिया है। जबकि स्थानीय पुलिस प्रशासन ने भी जहग-जगह पुलिस बल की तैनाती कर दी है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी जौलीग्रांट एयरपोर्ट से दो बजे गुमानीवाला स्थित डीएसबी स्कूल पहुंचेंगे। राहुल गांधी करीब एक घंटा कार्यकर्ताओं के बीच रहेंगे।
कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह
तीर्थनगरी में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के आने से कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। राज्य में पहली बार कांग्रेस अपने ब्लॉक स्तर के अध्यक्षों का सम्मेलन करने जा रही है। जिस कारण कार्यकर्ताओं में काफी जोश है। उत्तराखंड की 70 विधानसभा क्षेत्रों के ब्लॉक अध्यक्ष रविवार को तीर्थनगरी पहुंच गये। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 20 बसों को कार्यकर्ताओं को लाने के लिए लगाया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय सारस्वत ने बताया कि राहुल गांधी के आने से कांग्रेस कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। तीर्थनगरी में कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को लेकर जगह-जगह कांग्रेसी नेताओं ने बैनर पोस्टर लगाए हैं।
होर्डिंगों से पटा शहर
हरिद्वारा बाईपास मार्ग पर मुख्यमंत्री हरीश रावत सरकार के पांच साल के कार्यकाल के बैनर, पोस्टर व होर्डिग्स लगे हैं लेकिन विद्यालय प्रांगण के मुख्यद्वार पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय व राहुल गांधी का सिंगल-सिंगल होर्डिग लगा हुआ है। जबकि मुख्यमंत्री का होर्डिग गायब है। जो कार्यक्रम स्थल पर चर्चा का विषय बना रहा।
सीएम ने किया कार्यक्रम स्थल का निरिक्षण
मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गुमानीवाला स्थित डीएसबी स्कूल में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय भी थे। निरीक्षण करने बाद सीएम ने पत्रकारों से कहा कि सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी तीर्थनगरी में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में भाग लेने आ रहे हैं। सम्मेलन की तैयारियों का निरीक्षण करने वह देर रात गुमानीवाला पहुंचे।
Facebook
Twitter
Google+
RSS