लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी के सांसद साक्षी महाराज के बयान पर राजनीतिक विवाद भी पैदा हो गया है। विपक्षी दलों ने कार्रवाई की मांग की है। समाजवादी पार्टी के विधायक जमीर उल्ला खान ने साक्षी महाराज के विवादित बयान पर विवादित पलटवार किया है। उन्होंने जवाब देते हुए कहा है कि साक्षी महाराज क्या जाने शादी की क्या अहमियत होती है। साक्षी महाराज सुबह से ही शराब पी लेते हैं। उनकी जुबान काट ली जाए तो वो सुधर जाएंगे।
जनसंख्या बढाने के लिए हिन्दू जिम्मेदार नहीं
गौरतलब है कि साक्षी महाराज ने शुक्रवार को मेरठ में एक धार्मिक कार्यक्रम में कहा था कि देश में बढ़ती जनसंख्या के लिए हिन्दू के बजाय वे जिम्मेदार हैं जो चार बीवियों और 40 बच्चे पैदा करने की बात करते हैं। संतसमागम कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा था, जनसंख्या बढाने के लिए हिन्दू जिम्मेदार नहीं हैं। जनसंख्या पर तभी नियंत्रण किया जा सकता है जब इस पर कोई सख्त कानून बनेेगा। पार्टियों को राजनीति से ऊपर उठने और देशहित में फैसला लेने की जरूरत है।
चुनाव आयोग भी हुआ सख्त-
साक्षी महाराज के बयान पर चुनाव आयोग ने मेरठ जिलाधिकारी से उनके बयान पर रिपोर्ट मांगी है। सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चुनाव के दौरान कोई भी दल या प्रत्याशी व समर्थक धर्म और जाति के आधार पर वोटों की राजनीति नहीं करेगा। ऐसा करने पर संबंधित विधायक की उम्मीदवारी छिन सकती है।
बयान से किनारा
मुख्तार अब्बास नकवी ने किया साक्षी के बयान से किनारा। उन्होंने कहा कि मैंने उनका बयान नहीं देखा है, लेकिन हम सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं। देश कानून से चलता है, संविधान से चलता है, डंडों से नहीं। वैसे ऐसे बयान या राय न तो भाजपा के हैं और न ही सरकार के हैं। ऐसे बयानों से हमारा कोई लेना-देना नहीं।
साक्षी महाराज ने दी सफाई
सांसद साक्षी महाराज ने अपने विवादास्पद बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी समुदाय का नाम नहीं लिया, बल्कि बढ़ती आबादी पर चिंता जताई थी।
Facebook
Twitter
Google+
RSS