लखनऊ: भाजपा सांसद साक्षी महाराज के चार बीवियों वाले विवादित बयान को लेकर राजनीतिक बवाल बढ़ता जा रहा है। जहाँ एक ओर सामजवादी पार्टी के एक विधायक ने जुबान काटने की बात कही है वहीं, दूसरी ओर रालोद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भगवा वस्त्रधारी सांसदों को कुछ भी बोलने की खुली छूट दे रखी है।
साधुवेश धारण करने के बाद साक्षी महाराज को लगाना चाहिए पूजा पाठ में मन
रालोद के प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्रनाथ त्रिवेदी ने भाजपा सांसद साक्षी महाराज के अमर्यादित बयान पर कहा कि साधुवेश धारण करने के बाद जिनका मन पूजा-पाठ में लगना चाहिए, उनका मन चार बीवियों और चालीस बच्चों में लगना आश्चर्यचकित करता है।
त्रिवेदी ने कहा कि हमारा देश विभिन्न धर्मो, जातियों एवं रीति-रिवाजों के साथ-साथ कई विभिन्नताओं का गुलदस्ता है। इसमें भारत माता का दिल समाहित है। लेकिन एक पार्टी विशेष के प्रतिनिधि समय-समय पर देश की एकता और अखंडता पर कुठाराघात करने का प्रयास करते हैं, जिसकी सार्वजनिक तौर पर निंदा भी की जाती है।’
जुबान काट ली जाए तो सुधर जाएंगे साक्षी महाराज
समाजवादी पार्टी के विधायक जमीर उल्ला खान ने साक्षी महाराज के विवादित बयान पर विवादित पलटवार किया है। उन्होंने जवाब देते हुए कहा है कि साक्षी महाराज क्या जाने शादी की क्या अहमियत होती है। साक्षी महाराज सुबह से ही शराब पी लेते हैं। उनकी जुबान काट ली जाए तो वो सुधर जाएंगे।
जनसंख्या बढाने के लिए हिन्दू जिम्मेदार नहीं
गौरतलब है कि साक्षी महाराज ने शुक्रवार को मेरठ में एक धार्मिक कार्यक्रम में कहा था कि देश में बढ़ती जनसंख्या के लिए हिन्दू के बजाय वे जिम्मेदार हैं जो चार बीवियों और 40 बच्चे पैदा करने की बात करते हैं। संतसमागम कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भाजपा सांसद ने कहा था, जनसंख्या बढाने के लिए हिन्दू जिम्मेदार नहीं हैं। जनसंख्या पर तभी नियंत्रण किया जा सकता है जब इस पर कोई सख्त कानून बनेेगा। पार्टियों को राजनीति से ऊपर उठने और देशहित में फैसला लेने की जरूरत है।
Facebook
Twitter
Google+
RSS