गोरखपुर: गोरखपुर के सांसद एवं गोरक्षापीठाधीश्वर योगी आदित्य नाथ ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यन्त दयनीय है। गुन्डे बदमाश थाने में चढ़कर मार रहे हैं। देवरिया की घटना इसका ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन की विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए समाजवादी पार्टी में नूराकुश्ती हो रही है और अखिलेश यादव की ओर लोगो का ध्यान आकर्षित करने की शरारतपूर्ण चेष्टा है इस पर ध्यान नहीं दिया जाना चाहिए।
दो तिहाई से भाजपा की सरकार बनेगी
बहराइच में पत्रकारों से बातचीत करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रदेश सरकार की कार्यकाल की विफलताओं को छुपाने के लिए समाजवादी पार्टी द्वारा फैमली ड्रामा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनसभाओं में उमड़ रहे जनसैलाब को देखते हुए स्पष्ट संकेत हैं कि सत्ता परिवर्तन होने वाली है और दो तिहाई से भाजपा की सरकार उप्र प्रदेश में बनेगी।
सपा शासन में किसानों की बड़ी दुर्दशा
एक प्रश्न के उत्तर में योगी ने कहा कि भाजपा किसी वर्ग अथवा जाति की पार्टी नहीं बल्कि लोकतंत्रिक पार्टी है। समय आने पर भाजपा विधायक दल द्वारा मुख्यमंत्री का चुनाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सपा शासन में किसानों की बड़ी दुर्दशा है धान क्रय नहीं किया जा रहा है। केन्द्र सरकार द्वारा धान क्रय की कीमत 1470 रूपये प्रति कुन्तल निर्धारित किए जाने के बावजूद प्रदेश सरकार के धान क्रय केन्द्र संचालित न होने के कारण किसानों को मजबूरन आठ-नौ सौ रूपये कुन्तल धान बेचना पड़ रहा है।
सपा शासन में उपद्रवी तत्वों का बढ़ा मनोबल
उन्होंने कहा कि सपा शासन में उपद्रवी तत्वों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब वो आम जन के बजाय पुलिस पर भी हमला कर रहे हैं। देवरिया के पुलिस स्टेशन में घटित घटना इसका उदाहरण है। उन्होंने कहा एक सवाल के जवाब में कहा कि बसपा से भाजपा की संस्कृति भिन्न हैं। भाजपा में पैसा लेकर टिकट नहीं दिया जाता बल्कि योग्यता व क्षमता के आधार पर टिकट दिया जाता है।
Facebook
Twitter
Google+
RSS