लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीतिक घमासान के बीच यादव परिवार की जंग में जनता और खासकर सपा वोटरों के बीच अखिलेश यादव लगातार मजबूत होकर निकले हैं। विवादों के बीच पिछले एक महीने में सपा के वोटरों के बीच अखिलेश यादव की लोकप्रियता और स्वीकार्यता दोनों बढ़ी है।
सी-वोटर की ओर से इन विवादों पर कराए ताजे सर्वे से यह बात सामने आई है। जब से मुलायम, शिवपाल और अखिलेश की जंग शुरू हुई तब से सी वोटर ने दो सर्वे किए हैं। और इस आधार पर पिछले सर्वे के मुकाबले अखिलेश यादव के और मजबूत होने के संकेत मिले हैं।
सर्वे प्रदेश की 403 सीटों पर 12221 लोगों के बीच किया गया। सर्वे के अनुसार शिवपाल सिंह यादव की लोकप्रियता लोगों के बीच काफी कम है। सर्वे का दिलचस्प परिणाम यह भी है कि समाजवादी पार्टी के कोर वोटर-मुस्लिम और यादव के बीच भी अखिलेश यादव ने लोकप्रियता के मामले में मुलायम सिंह यादव के मुकाबले बड़ी लीड बना रखी है। इसके अलावा सभी वर्गों में अखिलेश ने अपनी लीड और मजबूत की।
सी-वोटर के इस सर्वे में सितंबर और फिर अक्टूबर में जब अखिलेश और शिवपाल के बीच लोकप्रियता को लेकर सवाल पूछा गया, तो इसमें अखिलेश को एक महीने के अंदर बढ़त मिलती दिखी। सितंबर में जहां 77.1 प्र.श. ने अखिलेश को पहली पसंद बताया था, तो वहीं कुनबे की कलह के बाद अक्टूबर में किए गए सर्वे में 83.1 प्र.श. ने उन्हें अपनी पहली पसंद बताया।
Facebook
Twitter
Google+
RSS