बीकानेर: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुरुदास कामत ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी-भाजपा ने सेना की सर्जिकल स्ट्राइक को राजनीतिक मुद्दा बनाया यह साफ संकेत है कि वह समय से पहले चुनाव भी करवा सकते हैं। कांग्रेसी इसके लिए तैयार रहें। राजस्थान और गुजरात में भी समय से पहले चुनाव कराए जा सकते हैं।
कामत शुक्रवार को बीकानेर में हुए कांग्रेस सेवा दल के राज्य स्तरीय सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। गुरुदास कामत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यों को प्रयोगशाला बना दिया है। वे गुजरात में समय से पहले चुनाव कराने की तैयारी में हैं।
इसके बाद वे ऐसा प्रयोग अन्य राज्यों में भी कर सकते हैं। उनका इशारा साफ था कि चुनाव में भले ही 22 महीने का समय हो लेकिन कांग्रेस को अभी तैयारी शुरू करनी पड़ेगी। अन्यथा पता नहीं भाजपा कब चुनाव का दांव खेल ले।
कामत ने बाद में पत्रकारों से कहा कि भाजपा के शासन में सर्जिकल स्ट्राइक क्या हो गया, ढोल-नगाड़े से प्रचार किया जा रहा है। यूपीए सरकार के समय भी सर्जिकल स्ट्राइक हुए, लेकिन उसको कभी प्रचारित नहीं किया गया। भाजपा सरकार अब सर्जिकल स्ट्राइक पर राजनीति कर रही है।
भाजपा ने सरकार का दिवाला निकाल दिया
सम्मेलन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि तीन साल पहले जब भाजपा की सरकार बनी तो मुख्यमंत्री कांग्रेस पर दोषारोपण करती थी कि कांग्रेस खजाना खाली करके गई। सरकार का टेप रिकॉर्डर आज भी वही जुमला बोलता है। जबकि अब तो भाजपा को तीन साल शासन करते हो गए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सरकार का दिवाला निकाल दिया है।
पायलट ने कहा कि जनता के काम नहीं हो रहे। शहर और गांवों में जब मंत्री जाते हैं तो डर के साथ। वे अपनी गाड़ी पर लगी लाल लाइट को भी उतार लेते हैं, उन्हें डर रहता है कि कहीं जनता उनके कपड़े नहीं फाड़ ले। उउन्होंने बीजेपी के नेताओं को ललकारते हुए कहा कि मात्र 22 माह बचे हैं, प्रदेश की भलाई के लिए बोल रहा हूं, इन 22 महीनों में जो करना है, वह कर लो, वरना किसी को मुंह दिखाने के लायक भी नहीं रहोगे।
बैठक में प्रतिपक्ष नेता रामेश्वर डूडी, पूर्व मंत्री चन्द्रभान, मिर्जा इरशाद बेग तथा सेवादल के महेन्द्र जोशी ने भी विचार व्यक्त किए। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व केन्द्रीय मंत्री सीपी जोशी, गिरिजा व्यास जैसे प्रदेश के दिग्गज नेता शुक्रवार को दूसरे दिन भी सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।
Facebook
Twitter
Google+
RSS