जालंधर। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने पंजाब विधानसभा 2017 के चुनावों में 30 से 35 सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए आज तीन उम्मीदवारों की सूची जारी की। एनसीपी के पंजाब प्रधान सरवन सिंह ने आज बताया कि श्री रमन कुमार को एनसीपी पंजाब का संगठन सचिव नियुक्त करते हुए उन्हें कपूरथला के भुल्लथ विधानसभा का उम्मीदवार घोषित किया।
यशपाल शर्मा को जालंधर केन्द्रीय तथा सुरेन्द्र सिंह कैरों को जालंधर उत्तरी से उम्मीदवार घोषित किया। सिंह ने कहा उनकी पार्टी राज्य में बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, नशे के कारण हो रही मौत और महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी। विधानसभा चुनावों में एनसीपी अन्य राजनीतिक दलों से भी गठजोड़ करेगी।
उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस राज्य में फैले नशे के कारोबार के लिए एक-दूसरे को दोषी ठहरा रहे हैं लेकिन इन पार्टियों के ही नेता नशे के कारोबार में लिप्त हैं। उन्होंने कहा कि शराब को नशा नहीं मानते हुए पंजाब सरकार ने शराब के लिए तो नीतियां बनाई है लेकिन कर्ज में डूबे किसानों के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई।
उन्होंने कहा कि राज्य में किसान कर्ज के कारण आत्महत्याएं करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने कृषि मंत्री रहते हुए किसानों का 72 हजार करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था। उन्होंने कहा कि राज्य में आर्थिक ढ़ांचा चरमरा गया है। पिछले पांच वर्षों में लगभग 20 हजार उद्योग बंद हो चुके है।
राज्य में गैंगवार, महिलाओं की बेअदबी और रोजगार मांग रहे युवाओं पर पुलिस अत्याचार आम बात हो गई है। उन्होंने गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की निंदा करते हुए मांग की है कि धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों को जल्दी गिरफ्तार किया जाए।
Facebook
Twitter
Google+
RSS