लंदन के बकिंघम पैलेस में भारतीय संगीतकार एआर रहमान के बाद अब कुचिपुड़ी नृत्यांगना अरुणिमा कुमार की भी जय हो गई। अरुणिमा ने समारोह में ऐसा नृत्य किया कि दर्शकों के साथ ही ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय भी अपने को थिरकने से रोक नहीं पाईं। इतना ही नहीं नृत्य के बाद वह अरुणिमा से मिलीं और उनकी जमकर तारीफ की। साथ ही उनसे पूछा कि आखिर वो इतना अच्छा नृत्य कैसे कर लेती हैं। इसके बाद महारानी ने अरुणिमा से कुचिपुड़ी नृत्य करने को कहा और फिर खुद भी वैसी ही मुद्राएं कीं।
राजमहल में ब्रिटेन और भारत संस्कृति उत्सव-2017 के उद्घाटन पर विशेष समारोह का आयोजन किया था। समारोह में दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त नीरज कुमार की बेटी अरुणिमा ने कुचिपुड़ी नृत्य किया था। अरुणिमा का नृत्य देखकर महारानी एलिजाबेथ इतनी प्रभावित हो गईं कि वह खुद उनके पास आ गईं। अरुणिमा ने बताया कि उन्होंने मुझसे पूछा कि मैं इन सभी मुद्राओं को कैसे कर लेती हूं क्योंकि इन्हें करना बहुत मुश्किल है। मैंने उन्हें हाथ के इशारे से की जाने वाली मुद्राएं कर के दिखाईं और फिर उन्होंने भी ऐसा ही किया। अरुणिमा ने कहा कि महारानी अदभुत इंसान हैं और वह हर चीज के बारे में जानती हैं। अरुणिमा ने कहा कि वह गौरव महसूस कर रही हैं। समारोह की शुरुआत रहमान के प्रसिद्ध गीत जय हो से हुई थी।
Facebook
Twitter
Google+
RSS