जयपुर। राजस्थान में भरतपुर के कामां में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति से परेशान होकर मायके में रह रही एक महिला का शव रविवार सुबह खेत में मिला। ख़ास बात कि महिला रात में अपने पति से ही मोबाइल पर बात करते हुए घर से बाहर गई थी। महिला के परिजनों ने पति पर ही हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि रात को उसने ही फोन कर मिलने बुलाया था। जब देर रात तक बेटी नहीं लौटी तो उन्होंने उसकी काफी खोजबीन की थी।
कामां में कैथवाड़ा थाने के खादरी का वास के एक खेत में रविवार सुबह एक महिला का शव देखकर गांव वाले सन्न रह गए। उन्होंने आस-पास के लोगों को सूचना दी तो मृतका की पहचान खारसी का बास की शबनम के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर मृतका के घरवाले वहां पहुंचे। अपनी बेटी का शव देखकर परिवार वाले रोने-पीटने लगे। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
पति ने फोन कर बुलाया !
शबनम के पिता जान मोहम्म्द ने रिपोर्ट दी है। उसमें आरोप लगाया गया है कि शनिवार रात शबनम के ससुराल वाले गांव आए थे। पति असरू उर्फ भूरा (28) ने फोन कर शबनम को मिलने के लिए बुलाया था। इसके बाद शबनम के सास-ससुर व अन्य ससुराल वालों ने प्रेमिका के परिवार वालों के साथ मिलकर उसे मारा-पीटा। फिर भूरा ने शबनम के गले में रस्सी बांधकर उसकी हत्या कर दी। वे लोग शव को खेत में ही छोड़कर चले गए। रात को काफी देर तक शबनम नहीं लौटी तो घरवालों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका पता नहीं चला।
छह साल पहले हुई शादी, छह माह से थी पीहर में
जान मोहम्मद के अनुसार शबनम की शादी छह साल पहले गांव उसेपुरा के लाडला का वास के भूरा से हुई थी। शादी के बाद से ही वह शबनम को मारता-पीटता था। भूरा के सीकरी की रहने वाली एक लड़की से संबंध थे। दोनों शादी करना चाहते थे। इसी बात को लेकर भूरा और शबनम में झगड़ा होता था। तंग आकर पिछले एक माह से शबनम पीहर में रह रही थी।
Facebook
Twitter
Google+
RSS