आगरा: आगरा की बेटी ने बडा काम किया है। अपनी काबिलियत के दम पर ताजनगरी की दीप्ति शर्मा को बीसीसीआइ ने जगमोहन डालमिया पुरस्कार से सम्मानित करने के लिए चुना है। आठ मार्च को बेंगलुरू में होने वाले कार्यक्रम में उन्हें सत्र 2015-16 के लिए अंडर-19 में बेस्ट महिला क्रिकेटर का अवार्ड मिलेगा। दीप्ति शर्मा भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं।
बीसीसीआइ द्वारा हर सत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाता है। आठ अप्रैल को इस बार बेंगलुरू में यह पुरस्कार दिए जाएंगे। ताजनगरी की क्रिकेटर दीप्ति शर्मा को भी इसमें सम्मानित किया जाएगा। दीप्ति ने सत्र 2015-16 में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। उन्होंने 49 विकेट लेने के साथ 1080 रन बनाए थे। श्रीलंका के खिलाफ पिछले वर्ष 19 फरवरी को रांची में हुए वनडे मैच में तो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। दीप्ति ने 9.2 ओवर में 20 रन देकर छह विकेट लिए थे। हाल ही में श्रीलंका में हुए वर्ल्ड कप क्वालीफायर में भी उन्होंने चमक बिखेरी। उन्होंने भारत की तरफ से सर्वाधिक रन बनाए। फाइनल मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दीप्ति ने 71 रन की पारी खेली थी, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था। दीप्ति ने बताया कि उनकी निगाहें 23 जून से 22 जुलाई तक इंग्लैंड में होने वाले क्रिकेट वर्ल्ड कप पर हैं। इसमें श्रेष्ठ प्रदर्शन कर वह अपनी टीम को जीत दिलाने का प्रयास करेंगी।
बताते चलें कि इससे पूर्व खेल दिवस पर राज्य सरकार द्वारा दीप्ति को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। मुख्यमंत्री निवास पर हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्हें पुरस्कार दिया था।
Facebook
Twitter
Google+
RSS