लखनऊ। भाजपा सिर्फ अगडों की ही पार्टी नहीं बल्कि इसमें अब पिछडे और दलित भी जुड गए हैं। यह दोनों वर्ग भाजपा के पक्ष में झूम कर वोट दे रहे हैं। पिछडे और दलित समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से विमुख हो गए है क्योंकि यह दोनों पार्टियां ही अल्पसंख्यकों के तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने चंदौली में चुनावी जनसभा में कही। जनसभा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मौर्य ने कहा कि सपा और बसपा के करीब 15 साल के कार्यकाल में सर्वाधिक नुकसान पिछडों और दलितों को ही हुआ है। एक जाति और एक जिला विशेष के अलावा सपा सरकार ने किसी का भला नहीं किया, जबकि बसपा ने दलितों में भी भेदभाव किया।
भाजपा के साथ आए हैं दलित और पिछड़े
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चुनावी सभाओं में कहा कि पिछड़े और दलित दोनों वर्गो को अब समझ में आ गया है कि सपा और बसपा ने इन्हें छला है, इसलिए अब पिछडे और दलित उन्हें छोडकर भाजपा में तेजी से जुडे हैं और यही कारण है कि भाजपा सरकार बनाने की ओर तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का मतदाता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के काम करने के तरीके को समझ गया है। आम जनता को बेहतर कानून व्यवस्था और विकास चाहिए, इसमें मोदी जी का नेतृत्व सक्षम है। यहां जो भी सरकार बनेगी किसान, युवाओं के हित के साथ ही कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त रखने को प्राथमिकता देगी।
केवल सैफई में आती है बिजली
मौर्य ने कहा कि मायावती ने मुख्तार अंसारी और उनके कुनबे को बसपा में शामिल कर पूर्वांचल के बहुसंख्यकों में अकुलाहट बढ़ा दी है। इसका नुकसान उन्हें उठाना पडेगा लेकिन इसका लाभ भाजपा को होगा। उन्होंने दावा किया कि पांच चरणों के खत्म हुए चुनाव में अखिलेश यादव और उनकी समाजवादी पार्टी हासिए पर चली गई है। अपराधों पर कमी के मुख्यमंत्री के दावे की खिल्ली उडाते हुए मौर्य ने कहा कि गायत्री प्रजापति को टिकट देकर चुनाव प्रचार करने गए मुख्यमंत्री को खुद समझना चाहिए कि वह अपराधों को रोकने के प्रति कितने गंभीर है। हाल ही में बिजली को लेकर हुई बयानबाजी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि बिजली तो केवल सैफई में आती है।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के आसपास रहने वाले आजम खां जैसे वरिष्ठ नेताओं ने ही सरकार की साख पर बट्टा लगाया। मुजफ्फरनगर दंगों के लिए खां को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि यदि नगर विकास मंत्री छेडखानी के आरोपियों को नहीं छुडवाते तो इतना बडा कांड नहीं होता। दंगों में भाजपा के लोगों को फंसाया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर जाति और धर्म के आधार पर विकास नहीं किया जाएगा। विकास का आधार सबका साथ और सबका विकास होगा।
Facebook
Twitter
Google+
RSS