रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति प्रत्याशी डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को भारत और चीन की तेज आर्थिक विकास दर का उदाहरण देते हुए विपक्षी डेमोक्रेटिक प्रत्याशी हिलेरी क्लिंटन पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओबामा के शासन में अर्थव्यवस्था गड्ढे में जा रही है और हिलेरी की अर्थव्यवस्था को उबारने की योजना बेकार है।
चुनाव से तीन हफ्ते पहले नेवादा विश्वविद्यालय में दोनों उम्मीदवारों के बीच यह तीसरी और अंतिम बहस थी। ट्रंप ने कहा कि भारत करीब आठ फीसदी और चीन सात फीसदी की दर से विकास कर रहा है, लेकिन वे इसे बेहद निचली वृद्धि दर मानते हैं। उनके सामने अमेरिकी अर्थव्यवस्था एक फीसदी से थोड़ा ही ऊपर है और यह लगातार नीचे जा रही है। उन्होंने उदाहरण दिया कि अमेरिका अब चीजें नहीं बना रहा, बल्कि भारत, चीन और वियतनाम जैसे देशों से उत्पाद अमेरिका आ रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति बराक ओबामा के आठ सालों के शासन में अर्थव्यवस्था की खस्ता हालत है। नौकरी कम हो रही हैं और देश कारोबार गंवा रहा है। उन्होंने कहा कि हिलेरी के आर्थिक एजेंडे से सिर्फ अमीरों को लाभ मिलेगा और उनकी कर नीति विनाशकारी है। उन्होंने हिलेरी के पति और पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन को उत्तर अमेरिकी मुक्त व्यापार संधि के लिए दोषी ठहराया और इसे अब तक की सबसे खराब संधियों में एक बताया।
डोनाल्ड ट्रंप कर घटाने का वादा कर बहका रहे : हिलेरी
हिलेरी ने कहा कि कारपोरेट टैक्स घटाने की बात कर वास्तव में बहका रहे हैं, लेकिन इससे 35 लाख से ज्यादा लोग नौकरियां खो देंगे, क्योंकि ये कंपनियां ज्यादा से ज्यादा दूसरे देशों में कारखाने लगा रही हैं। ट्रंप की कंपनियां चीन और दूसरे देशों में कारखाने लगाती हैं और अमेरिकियों की नौकरियां छीनती हैं। शायद ट्रंप के होटलों में भी चीन का स्टील लगा है।
ट्रंप ने हिलेरी को बेशर्म कहा
ट्रंप ने हिलेरी को बहस के दौरान बेशर्म कहा। उन्होंने हिलेरी के पति बिल क्लिंटन पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों और डेमोक्रेटिक प्रत्याशी की चुप्पी का उदाहरण देते हुए यह टिप्पणी की। इसको लेकर सोशल मीडिया पर ट्रंप पर प्रहार भी हुए।
Facebook
Twitter
Google+
RSS