लखनऊ: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ गैंग रेप का मामला दर्ज कराने वाली महिला को सुरक्षा प्रदान किये जाने के आदेश दिये गये हैं। यह आदेश अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दलजीत सिंह चौधरी ने दिये हैं। उधर, पीड़िता का बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम नई दिल्ली पहुंच गयी है।
दलजीत चौधरी ने दिया सुरक्षा के आदेश
आईजी-एसटीएफ राम कुमार ने बताया कि परिवहन मंत्री गायत्री प्रजापति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला ने जान-माल का खतरा होने का आरोप लगाया है जिसे देखते हुए अपर पुलिस महानिदेशक-कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी ने बुधवार को पीड़िता को सुरक्षा प्रदान किये जाने के आदेश दिये। उन्होंने ने राजधानी पुलिस को सुरक्षा देने के आदेश दिये हैं। सुरक्षा के तहत महिला को गनर व उसके आवास पर पुलिसकर्मी तैनात करने को कहा गया है।
इसे भी पढ़िए: आज होगा चौथे चरण का मतदान, कई प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर
इस बीच राजधानी पुलिस की एक टीम बयान दर्ज करने के लिए नई दिल्ली पहुंच गयी। पुलिस ने बयान दर्ज करने के लिए पीड़िता के वकील से सम्पर्क किया है। मालूम हो कि पीड़िता ने जान-माल का खतरा बताते हुए यूपी आकर बयान दर्ज कराने में असमर्थता व्यक्त की थी। इस पर बुधवार को उसे सुरक्षा प्रदान किये जाने के निर्देश दिये गये और उसके बयान दर्ज करने के लिए पुलिस टीम नई दिल्ली भेजी गयी है।
गायत्री पर महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
महिला ने प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री गायत्री प्रजापति व उनके आधा दर्जन समर्थकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला राजधानी के गौतमपल्ली थाने में दर्ज कराया है। आरोप है कि महिला की नाबालिग बेटी का भी शारीरिक शोषण किया गया है।
Facebook
Twitter
Google+
RSS