बरेली। विधानसभा चुनाव नजदीक है। सभी पार्टियां इस चुनाव को अपने नाम करने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही हैं। वहीँ एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने का दौर भी जारी है। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया ने राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया है।
अशोक कटारिया ने नोटबंदी के फैसले पर भी रखी अपनी राय
बरेली पहुंचे अशोक कटारिया ने कहा कि राहुल गांधी को मानसिक इलाज की जरूरत हैं और उनको किसी पागल खाने में भेज देना चाहिए। अशोक कटारिया बरेली पहुंचे जहां पर उन्होंने प्रधानमंत्री की दो जनवरी को लखनऊ में होने वाली रैली की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अशोक कटारिया ने प्रधानमंत्री के नोटबन्दी के फैसले को ठीक बताते हुए विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।
बीजेपी के प्रदेश महामंत्री उमेश कटारिया ने नोटबंदी के सवाल पर कहा कि नोट बंदी के बाद कहीं भी जनता ने विरोध प्रदर्शन नहीं किया है और नोट बंदी में जनता पीएम के साथ है। केवल विपक्ष पीएम के विरोध में खड़ा है। कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगाए गए आरोप पर अशोक कटारिया ने विवाद खड़ा करने वाला बयान देते हुए कहा कि राहुल गांधी को कोई गम्भीरता से नहीं लेता है और राहुल गांधी को मानसिक इलाज की जरूरत है।
दो जनवरी को लखनऊ में होने वाली परिवर्तन रैली पर अशोक कटारिया ने कहा कि बीजेपी की परिवर्तन यात्राएं, पिछड़ा वर्ग सम्मेलन, महिला सम्मेलन और युवा सम्मलेन में काफी भीड़ उमड़ रही है। लखनऊ में होने वाली रैली में भी काफी भीड़ आएगी इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जनता ने बीजेपी का चयन कर लिया है और सपा सरकार को जनता जब तक उखाड़ कर नहीं फेंकेगी तब तक चैन से नहीं बैठेगी।
मैनपुरी की घटना का जिक्र करते हुए अशोक कटारिया ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं का उत्पीड़न हो रहा है ऐसी घटनाएं लगातार हो रही हैं और सरकार इन घटनाओं को नहीं रोक पा रही है। मुख्यमंत्री अखिलेश जवान हैं और ऐसी जवानी पर धिक्कार है। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष उमेश कठेरिया, उपाध्यक्ष देवेंद्र जोशी, महामंत्री यतिन भाटिया, मोहित कपूर, अंकुश अग्रवाल आदि नेता मौजूद रहे।
Facebook
Twitter
Google+
RSS