इम्फ़ाल: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आज मणिपुर के उखरुल और इंफाल सेंट्रल में आयोजित विशाल जन-सभाओं को संबोधित किया और मणिपुर की बदहाली के लिए इबोबी सिंह की कांग्रेस सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने मणिपुर की जनता से राज्य के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने की अपील की।
शाह ने कहा कि देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश और छोटे से खूबसूरत प्रदेश मणिपुर, दोनों जगह चुनाव चल रहा है लेकिन हमारे लिए मणिपुर उतना ही महत्त्वपूर्ण है जितना कि उत्तर प्रदेश, प्रधानमंत्री भी यहाँ आये, राजनाथ सिंह भी आये और मैं भी दो दिन से मणिपुर के तीनों क्षेत्रों का भ्रमण किया है। उन्होंने कहा कि 15 साल की भ्रष्ट इबोबी सिंह सरकार के बावजूद यदि मणिपुर की जनता इस बार राज्य में परिवर्तन नहीं करती है तो मैं मानता हूँ कि मणिपुर विकास में बहुत ही पीछे चला जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास की अपार संभावनाओं वाले मणिपुर में 15 सालों से एक ऐसी निकम्मी सरकार चल रही है जिसने मणिपुर की किसी भी पॉसिबिलिटी को एक्सप्लोर नहीं किया, केवल और केवल कमीशन लेने का ही काम किया। उन्होंने कहा कि यदि मणिपुर में पूर्ण बहुमत की भाजपा सरकार बनती है तो हम पांच सालों में ही मणिपुर को एक मॉडल स्टेट के रूप में प्रतिष्ठित कर के दिखाएंगें। उन्होंने कहा कि हम मणिपुर को एक ऐसा राज्य बनाना चाहते हैं जहां कानून-व्यवस्था की स्थिति ठीक हो, जहां अंडरग्राउंड ग्रुप्स का आतंक न हो, जहां से बेरोजगारी समाप्त हो गई हो, जहां पर इंटरनेशनल टूरिज्म तेजी से आगे बढ़े और यह काम केवल भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और करप्शन दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं – सी फॉर कांग्रेस एंड सी फॉर करप्शन। उन्होंने कहा कि देश भर में कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक-के-बाद-एक राज्यों से कांग्रेस का सफाया होता जा रहा है, राज्य कांग्रेस-मुक्त होते जा रहे हैं। राज्य की जनता से मणिपुर को भी कांग्रेस-मुक्त राज्य बनाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इबोबी सिंह सरकार ही 15 सालों से मणिपुर में विकास को अवरुद्ध किये बैठी है।
Facebook
Twitter
Google+
RSS